गाजीपुर। जनपद में जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील सदर स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा विशेष रूप से उपस्थित रहे।इस दौरान 36 शिकायतें/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। जनपद की सातों तहसीलों से प्राप्त सूचना के अनुसार, सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 351 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 41 का निस्तारण मौके पर किया गया।
अन्य तहसीलों में स्थिति इस प्रकार रही:
सैदपुर तहसील: 22 शिकायतें प्राप्त, 2 का मौके पर निस्तारण
सेवराई तहसील: 31 शिकायतें प्राप्त, 4 का निस्तारण
कासिमाबाद तहसील: 56 शिकायतें प्राप्त, 4 का निस्तारण
मुहम्मदाबाद तहसील: 24 शिकायतें प्राप्त, 4 का निस्तारण
जखनियां तहसील: 92 शिकायतें प्राप्त, 14 का निस्तारण
जमानियां तहसील: 90 शिकायतें प्राप्त, 9 का निस्तारण
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जमीनी विवाद और आपसी विवाद प्रायः एक ही प्रकार के होते हैं, अतः आपसी समन्वय के साथ मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करें। तहसील के सभी लेखपालों को निर्देशित किया गया कि छोटी-छोटी समस्याओं का तत्काल समाधान करें और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशान न किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता अक्षम्य मानी जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस के आयोजन में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर, क्षेत्राधिकारी सदर समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।