जमानिया। तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांव सबलपुर कला का रविवार को राजस्व और आपदा विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण सबलपुर कला सहित आसपास के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने बताया कि पिछले तीन दिनों से ग्रामीण लगातार मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। अब तक लगभग 200 मवेशियों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि करीब 5000 मवेशी अभी भी गांव में फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने का प्रयास जारी है। प्रशासन द्वारा बाढ़ पीड़ितों और मवेशियों के लिए सुरक्षित ठहराव, चारा, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था तेजी से की जा रही है। तहसीलदार ने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आपदा राहत टीम के सहयोग से सभी प्रभावितों को मदद पहुंचाई जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही शेष मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया जाएगा। प्रशासन हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है।