जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टिसौरा निवासी जितेन्द्र राय ने सोनहरिया निवासी शशिभूषण राय उर्फ सोनू राय के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में शुक्रवार को तहरीर दी है। जिसके आधार पर पुलिस ने एक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसने शशिभूषण राय को अत्यंत आवश्यकतानुसार अपनी पत्नी कंचन राय के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, शाखा रेवतीपुर के खाते से एक लाख रुपये बतौर उधार दिया था, लेकिन अब उधारी की राशि मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित जितेन्द्र राय ने बताया कि शशिभूषण राय ने कई महीनों तक रुपए वापस नहीं किए। काफी आग्रह के बाद सिर्फ ₹20,000 लौटाए, जबकि शेष ₹80,000 के लिए जब बार-बार मांग की गई, तो विपक्षी ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। जिस कारण से कोतवाली में तहरीर दी गई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर एक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।