गाजीपुर। जनपद में चयनित को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्रों पर ईसीसीई (ECCE) एडुकेटर के 248 पदों के लिए चयन प्रक्रिया शासनादेश के अंतर्गत मेरिट के आधार पर जारी है। इसी क्रम में अभ्यर्थियों के शैक्षिक अभिलेखों और प्रमाणपत्रों के सत्यापन हेतु 26 जुलाई से 1 अगस्त 2025 तक काउंसलिंग का आयोजन किया गया है। यह काउंसलिंग मुख्य राजस्व अधिकारी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में प्रत्येक दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित की जा रही है।
काउंसलिंग के द्वितीय दिवस (क्रम संख्या 151 से 300 तक) कुल आमंत्रित 150 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 108 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। अभ्यर्थियों ने निर्धारित न्यूनतम योग्यता के अनुसार सभी मूल प्रमाणपत्र, दो-दो सेट स्वप्रमाणित छायाप्रतियां एवं फोटो पहचान-पत्र प्रस्तुत किए। कार्य की सुचारुता बनाए रखने के लिए टेबलवार खंड शिक्षा अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। सम्पूर्ण प्रक्रिया मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी के निर्देशन में, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव की देखरेख तथा उपजिलाधिकारी पुष्पेंद्र पटेल, सालिक राम एवं विनोद जोशी की उपस्थिति में पूरी तरह पारदर्शिता और सुव्यवस्था के साथ संपन्न हुई।अगली काउंसलिंग 28 जुलाई 2025 को आयोजित होगी, जिसमें क्रम संख्या 301 से 450 तक के अभ्यर्थियों का अभिलेख सत्यापन प्रातः 10 बजे से 3 बजे तक विकास भवन सभागार में किया जाएगा।