गाजीपुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी आदि (प्रारंभिक) परीक्षा 2023, दिनांक 27 जुलाई 2025 को आयोजित की जानी है। परीक्षा को नकलविहीन, निर्विघ्न एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री अविनाश कुमार ने गाजीपुर जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एवरग्रीन पब्लिक स्कूल मीरनापुर, स्कॉलर्स एकेडमी मीरनापुर, डालिम्स सनबीम अंधऊ बाईपास, तथा आर्यन पब्लिक स्कूल जंगीपुर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, विद्युत आपूर्ति, शौचालयों, पीने के पानी, सफाई व्यवस्था एवं पार्किंग सुविधा की स्थिति का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से इन व्यवस्थाओं की जानकारी ली।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान यदि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है, तो संबंधित अधिकारी उसे तत्काल संज्ञान में लाएं, ताकि उसका त्वरित समाधान किया जा सके। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।