गाजीपुर। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, अलीगंज, लखनऊ के निर्देश पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2025 के प्रवेश को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है।
ऐसे अभ्यर्थी जिन्हें प्रथम एवं द्वितीय चरण में कोई सीट आवंटित नहीं हुई है, वे दिनांक 26 जुलाई से 28 जुलाई 2025 के बीच http://www.scvtup.in वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से रिक्त सीटों के सापेक्ष नए विकल्प ऑनलाइन सबमिट कर सकते हैं। ऑनलाइन विकल्प भरते समय अभ्यर्थी को अपना मोबाइल नंबर, जन्म तिथि एवं वर्ग की जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके पश्चात वे अपेक्षित संस्थान, व्यवसाय, स्थानीय आरक्षण (केवल राजकीय संस्थानों हेतु), उपवर्ग एवं लिंग का विकल्प पुनः पंजीकृत करा सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी नए विकल्प नहीं भरता है, तो उसे मूल आवेदन में दिए गए विकल्पों के आधार पर ही तृतीय चरण की सीट आवंटन प्रक्रिया में शामिल कर लिया जाएगा।अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि समय रहते विकल्प भरकर प्रवेश प्रक्रिया में भाग सुनिश्चित करें।