गाजीपुर। आगामी 27 जुलाई 2025, रविवार को जनपद गाजीपुर में आयोजित होने वाली समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) परीक्षा 2023 की तैयारी हेतु आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा एक सत्र में प्रातः 9:30 बजे से 12:30 बजे तक सम्पन्न कराई जाएगी। इसके लिए जनपद में 34 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहाँ लगभग 15,216 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षार्थी परीक्षा प्रारंभ होने से डेढ़ घंटे पूर्व, अर्थात सुबह 8 बजे तक, परीक्षा केंद्र पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने हेतु जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं:
07 जोनल मजिस्ट्रेट,
34 सेक्टर मजिस्ट्रेट,
34 स्टेटिक मजिस्ट्रेट,
तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों तक जाने वाले सभी मार्गों को गड्ढा मुक्त किया जाए। विद्युत विभाग को भी विद्युत आपूर्ति में किसी प्रकार की रुकावट न होने देने का निर्देश दिया गया। नगर पालिका/नगर पंचायत, पंचायती राज विभाग, एवं संबंधित खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छता, जलभराव की निकासी एवं शुद्ध पेयजल की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित कर ली जाए। सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों पर पार्किंग, फ्रिस्किंग (जांच) तथा परीक्षार्थियों की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करें। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने हेतु प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है जो परीक्षा सामग्री की सुरक्षा एवं वितरण सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर बिजली, सीसीटीवी कैमरा, शुद्ध पेयजल, शौचालय, फर्नीचर, साफ-सफाई, तथा सोशल डिस्टेंसिंग के अनुसार बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, खाद्य सामग्री, या अन्य किसी प्रकार की अनुचित वस्तु को परीक्षा केंद्र में लाना सख्त वर्जित रहेगा। साथ ही, संविदाकर्मियों को परीक्षा कार्य में नहीं लगाया जाएगा। जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि “परीक्षा को नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराना हम सभी का कर्तव्य है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट स्वयं जिम्मेदार होंगे। परीक्षा का समयबद्ध संचालन अति महत्वपूर्ण है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।” बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक, सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।