गाजीपुर। “मेरा युवा भारत” गाजीपुर एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में 26वां कारगिल विजय दिवस जनपद के विभिन्न ब्लॉकों में स्थापित नेहरू युवा मंडलों द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जनपद स्तर पर नेहरू युवा केंद्र द्वारा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय परिसर में स्थित कारगिल विजय स्तंभ पर माल्यार्पण कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर अफजल, “माय भारत” के उपनिदेशक कपिल देव, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार प्रजापति, नमामि गंगे के जिला परियोजना अधिकारी बृजेश श्रीवास्तव, राज्य प्रशिक्षण अधिकारी अंगद सिंह यादव, पारसनाथ यादव तथा सेवा निवृत्त लेखा एवं कार्यक्रम सहायक ओम प्रकाश मिश्र ने माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस उपलक्ष्य में नेहरू युवा केंद्र कार्यालय पर एक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। संगोष्ठी में मुख्य अतिथि समाजसेवी सरोज कुमार राय ने भारतीय सेना के अदम्य साहस एवं बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि कठिन पहाड़ी क्षेत्रों में विजय प्राप्त कर भारतीय सैनिकों ने देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में अनेक वीर जवान शहीद हुए, और यह दिवस उनकी अमर शहादत को याद करने का दिन है। कार्यक्रम में बृजेश श्रीवास्तव (डीपीओ), ओम प्रकाश मिश्र आदि ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उपनिदेशक कपिल देव ने कहा कि “देश की रक्षा सबसे बड़ा धर्म है। हमें सैनिकों के बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।” उन्होंने सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन “मेरा युवा भारत” के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र प्रसाद ने किया।