जमानियां, गाजीपुर। क्षेत्र की सहकारी क्रय-विक्रय समिति पर शनिवार को खाद की भारी किल्लत के चलते किसानों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। घंटों इंतजार के बाद भी खाद नहीं मिलने से किसानों में भारी आक्रोश फैल गया। स्थिति तनावपूर्ण होती देख उप जिलाधिकारी (एसडीएम) ज्योति चौरसिया स्वयं मौके पर पहुंचीं और वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। किसानों ने एसडीएम के समक्ष खाद की कालाबाज़ारी और वितरण प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए। उनका कहना था कि समिति पर सुबह 5 बजे ही टोकन बांट दिए गए, जिससे अधिकांश किसानों को टोकन नहीं मिल सका और वे खाली हाथ लौटने को मजबूर हो गए। किसानों का यह भी आरोप था कि खाद वितरण में भेदभाव और मनमानी हो रही है, जिससे समय पर खेती के लिए खाद नहीं मिल पा रही है।

खाद की मांग अधिक और आपूर्ति बेहद सीमित होने के कारण स्थिति और भी जटिल हो गई है। इस पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम ज्योति चौरसिया ने समिति के सचिव व संबंधित अधिकारियों से खाद की उपलब्धता, वितरण प्रक्रिया और टोकन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को किसी भी सूरत में परेशानी नहीं होनी चाहिए और खाद वितरण पूरी पारदर्शिता व नियमानुसार हो।एसडीएम ने मौके पर ही आदेश दिया कि सोमवार को पुनः खाद वितरण की व्यवस्था की जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान वंचित न रह जाए। उपस्थित किसानों ने प्रशासन से मांग की कि खाद की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और वितरण प्रणाली में पारदर्शिता एवं कड़ी निगरानी रखी जाए, ताकि बिचौलियों और कालाबाज़ारी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।खाद को लेकर बढ़ती किल्लत और अव्यवस्था से किसान चिंतित और नाराज हैं। हालांकि, प्रशासन की त्वरित सक्रियता से कुछ हद तक राहत का माहौल बना है और क्षेत्रीय किसान अब सोमवार को होने वाली खाद वितरण व्यवस्था को लेकर आशान्वित हैं।सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।