जमानिया (गाज़ीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के हमीदपुर गांव निवासी मदुर्शन बिंद की पुत्री सोनी (30 वर्ष) की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके और ससुराल दोनों पक्षों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनी की शादी चंदौली जनपद के अहिकौरी, कमालपुर गांव निवासी चंदन के साथ हुई थी। वह ससुराल में ही रह रही थी। मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे घर में ही किसी विषैले सांप ने उसे काट लिया। परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने में लग गए, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई। स्थिति गंभीर होने पर भी जब इलाज नहीं कराया गया, तो कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। वापसी के दौरान जब परिजन मृतका को लेकर जमानिया कोतवाली के समीप रामलीला मैदान पहुंचे, तो वहीं पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। मौके पर दोनों पक्षों के बीच शोक का माहौल गहराता चला गया। इस दौरान मृतका की मां धनेशरी देवी बेसुध होकर रोती-बिलखती रहीं। बाद में ससुराल पक्ष के लोग शव को लेकर पुनः चंदौली चले गए। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय पर चिकित्सकीय उपचार मिल जाता तो शायद सोनी की जान बच सकती थी। सर्पदंश जैसी घटनाओं में अब भी अंधविश्वास और झाड़-फूंक पर भरोसा ग्रामीण समाज के लिए एक गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है।
