जमानिया। तहसील क्षेत्र के बडेसर गांव स्थित चर्च में कथित धर्म परिवर्तन के मामले को लेकर क्षत्रिय महासभा युवका के जिला अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बुधवार को उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने इस प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की है।राजकुमार सिंह ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि 23 जुलाई 2023 को बडेसर स्थित चर्च से संबंधित एक गंभीर मामला सामने आया था। इसमें विनोद पास्टर समेत छह पुरुष और एक महिला को जमानिया पुलिस ने धर्मांतरण के आरोप में गिरफ्तार किया था। साथ ही, चर्च से धर्म प्रचार से जुड़ी भारी मात्रा में सामग्री भी जब्त की गई थी। उन्होंने मांग की कि इस चर्च के निर्माण एवं संचालन से संबंधित कई अहम बिंदुओं की पारदर्शी जांच कराई जाए। इसमें शामिल है — चर्च का निर्माण किसकी अनुमति से हुआ? क्या यह प्रशासनिक स्वीकृति के बिना निर्मित है? इसके निर्माण के लिए फंडिंग का स्रोत क्या है, और क्या उसकी वित्तीय पारदर्शिता की जांच हुई है?
सिंह ने आगे आरोप लगाया कि स्वयं को बेरोजगार बताने वाले संबंधित व्यक्ति ने जमानिया कस्बे में लगभग 4000 वर्ग फीट क्षेत्रफल में दो मंजिला भवन बनवाया है, जिसके आय-व्यय की भी जांच आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले को लेकर पूर्व में भी प्रशासन को कई बार ज्ञापन सौंपा गया, परंतु अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उल्टा, इस मुद्दे को उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों को प्रताड़ित किया जा रहा है, जो निंदनीय है। राजकुमार सिंह ने कहा कि धर्मांतरण एक संवेदनशील विषय है, और इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है। ऐसे में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि क्षेत्र में शांति और सामाजिक संतुलन बना रहे। ज्ञापन सौंपने के उपरांत उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से संबंधित मिल रही शिकायतों के समाधान हेतु केंद्र प्रभारी से वार्ता कर शीघ्र समाधान का आग्रह किया। इस अवसर पर क्षत्रिय महासभा युवका के अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।