गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने मंगलवार को जिला कारागार गाजीपुर का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने जेल अस्पताल, महिला एवं पुरुष बैरक, रसोईघर तथा हवालात कार्यालय का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बैरकों में रह रहे कैदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कुछ कैदियों द्वारा बताई गई समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश जेल अधीक्षक को दिए गए। इसके पश्चात डीएम और एसपी ने जेल चिकित्सालय का दौरा किया, जहां उन्होंने मौजूद चिकित्साकर्मियों से उपलब्ध दवाओं, चिकित्सीय सुविधाओं और मरीजों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किचन में जाकर भोजन की गुणवत्ता की जांच की और कैदियों को दिए जा रहे भोजन की स्वच्छता और पौष्टिकता पर संतोष व्यक्त किया। हवालात कार्यालय में अभिलेखों की जांच भी की गई।
महिला और किशोर बैरकों का भी निरीक्षण किया गया, जहां अधिकारियों ने बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी हर समस्या का समाधान करने के लिए तत्पर है। नियंत्रण कक्ष में जाकर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को सख्त निर्देश दिए कि जेल परिसर में किसी भी हालत में मोबाइल या अन्य प्रतिबंधित उपकरण न प्रवेश करने पाएं। इसके लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने और रोस्टर बनाकर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। महिला बंदीगृह में दी जा रही सुविधाओं के विषय में भी विस्तृत जानकारी ली गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।