गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर से संबद्ध कृषि वर्ग के स्नातक (यूजी) एवं स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों की सम सेमेस्टर परीक्षाएं गुरुवार से आरंभ हो गईं। यह परीक्षाएं आगामी 26 अगस्त तक चलेंगी।
परीक्षा के पहले दिन प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शांतिपूर्ण एवं नकल-मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी आवश्यक तैयारियों की पुष्टि की। साथ ही विद्यार्थियों को अनुशासनपूर्ण वातावरण में परीक्षा देने हेतु प्रेरित भी किया। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रातः पाली में यूजी द्वितीय सेमेस्टर के कुल 156 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से सभी उपस्थित रहे। वहीं सायं पाली में यूजी छठवें सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 116 विद्यार्थी पंजीकृत थे और सभी ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा को पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने हेतु महाविद्यालय प्रशासन द्वारा कड़े अनुशासनात्मक प्रबंध किए गए हैं। प्राचार्य डॉ. पाण्डेय ने बताया कि परीक्षा संचालन की प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए समस्त आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए गए हैं। विद्यार्थियों ने भी शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में परीक्षा आयोजित होने पर संतोष व्यक्त किया।
