गाजीपुर। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी एवं अपर पुलिस अधीक्षक शहर ज्ञानेन्द्र प्रसाद ने रविवार को ददरी घाट का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गंगा के बढ़ते जलस्तर और सावन माह के अंतिम सोमवार को भारी संख्या में उमड़ने वाले कांवड़ियों की संभावित भीड़ को लेकर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। श्रद्धालुओं एवं स्नानार्थियों की सुविधा के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग, फव्वारे, तथा 100 टोटियों की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया गया है कि कोई भी कांवड़िया गंगा नदी में स्नान न करे ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित मार्गों और स्नान क्षेत्रों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर मनोज पाठक, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे घाट पर पहुंचकर प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें और संयम व अनुशासन के साथ श्रद्धा पूर्वक स्नान करें।