गाजीपुर। राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान के तहत अधिकाधिक मामलों का मध्यस्थता के माध्यम से निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर द्वारा मध्यस्थता पैनल में 13 पदों पर चयन किया जाएगा। यह चयन प्रक्रिया माननीय उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर की जा रही है। चयनित पैनल के माध्यम से आम जनता को प्रभावशाली एवं प्रभावी विधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे न्यायालयों में लंबित मामलों का शीघ्र समाधान संभव हो सकेगा।
इस संबंध में पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से 1 अगस्त 2025 से 7 अगस्त 2025 तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अभ्यर्थी अपना आवेदन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर या पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र का प्रारूप जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है या फिर जिला न्यायालय, गाजीपुर की आधिकारिक वेबसाइट https://ghazipur.dcourts.gov.in के “Recruitment” सेक्शन से डाउनलोड किया जा सकता है। आवेदन करने वाले समस्त अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं उत्तर प्रदेश सिविल प्रक्रिया (जिला न्यायालय) मध्यस्थता नियमावली, 2021 का पूर्ण रूप से अनुपालन करना होगा।