जमानिया, गाजीपुर। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि ने प्रशासन और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बीते तीन दिनों में गंगा के जलस्तर में करीब तीन फीट की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रविवार शाम तीन बजे तक जलस्तर चेतावनी बिंदु से केवल तीन सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया और यह हर घंटे लगभग एक सेंटीमीटर की गति से बढ़ रहा है।
बढ़ते जलस्तर के चलते जमानिया क्षेत्र के कई गांवों की सिवानों में बाढ़ का पानी भर गया है। कालनपुर, सबलपुर खुर्द व कला, मतसा बाढ़, देवरिया, मलसा, खावपुरा, पासैयदराजा, सरैया, देवा बैरनपुर, घाटनपुर, बैकुंठपुर, गेरुआ मकसूदपुर, भगीरथपुर जैसे गांवों में सैकड़ों बीघा फसलें जलमग्न हो चुकी हैं। इससे ग्रामीणों में भारी चिंता व्याप्त है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए देवरिया पुलिस चौकी भी पानी से घिर गई है, जिसे अस्थायी रूप से देवा बैरनपुर स्थित पतंजलि विद्यापीठ में स्थानांतरित कर दिया गया है। प्रशासन की टीमें लगातार गंगा घाटों की निगरानी कर रही हैं और राजस्व विभाग को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उपजिलाधिकारी एवं तहसील प्रशासन द्वारा बाढ़ संभावित गांवों का निरीक्षण किया जा चुका है। साथ ही, राहत और बचाव कार्यों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि संभावित जान-माल की हानि को रोका जा सके।