गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के छात्रों की परीक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय ने ठोस कदम उठाए हैं। इस संबंध में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ छात्रों ने परीक्षा से संबंधित समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन को मांग पत्र सौंपा था। छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रोफेसर पाण्डेय ने बताया कि जिन छात्रों ने परीक्षा दी है लेकिन ओएमआर शीट में अनुक्रमांक गलत अंकित होने के कारण उन्हें अनुपस्थित दिखाया गया है, उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए छात्रों को अपने अंक पत्र की छायाप्रति, पी-6 और पी-7 की प्रमाणित प्रतियों सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज और 100 रुपये शुल्क के साथ निर्धारित फॉर्म नवीन शुल्क काउंटर पर जमा करना होगा।
इसके अतिरिक्त जो छात्र-छात्राएं अपने अंक पत्र की स्क्रूटिनी (पुनः जांच) कराना चाहते हैं, उनके लिए भी 100 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। इच्छुक छात्र स्क्रूटिनी फॉर्म भरकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। सभी आवेदन पत्र महाविद्यालय के विशेष वाहक के माध्यम से एक सप्ताह के भीतर विश्वविद्यालय को प्रेषित किए जाएंगे ताकि समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। आवेदन प्रारूप विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराया गया है। प्राचार्य डॉ. पाण्डेय ने सभी संबंधित छात्रों से अपील की है कि वे एक सप्ताह के भीतर कॉलेज में संबंधित फॉर्म अवश्य जमा करें। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के समन्वय से सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।