गाजीपुर। जिला प्रशासन और पत्रकारों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने की।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने स्थायी समिति के सदस्यों से परिचय प्राप्त किया और पिछली बैठक की कार्यवाही की समीक्षा की। बैठक में पत्रकार उत्पीड़न से संबंधित मामलों की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने पूछा कि क्या जनपद में पत्रकारिता के दौरान किसी प्रकार की शिकायत सामने आई है। इस पर अपर जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार ने अवगत कराया कि अब तक पत्रकार उत्पीड़न संबंधी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। जिलाधिकारी ने कहा कि गाजीपुर जिले की पत्रकारिता सकारात्मक भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा, “जमीनी हकीकत से सबसे पहले पत्रकार ही रूबरू होते हैं और उन्हीं के माध्यम से प्रशासन को जनहित से जुड़ी जानकारी मिलती है। प्रशासन ऐसी खबरों पर तत्काल कार्रवाई करता है।”
उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। बैठक के दौरान उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा प्रशासन और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद बनाए रखने को लेकर दिए गए सुझावों की सराहना की गई।बैठक में पुलिस अधीक्षक (शहर) ज्ञानेन्द्र प्रसाद, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलेश कुमार पाण्डेय उर्फ दरोगा पाण्डेय, संजय यादव (गाजीपुर समाचार), अशोक कुमार श्रीवास्तव (जनमुख), प्रमोद कुमार राय (तरुण मित्र), तथा उधम सिंह (जीयो न्यूज़) सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।