जमानिया (गाजीपुर)। क्षेत्र के मतसा जीवपुर गांव स्थित ब्लॉसम एकेडमी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सीबीएसई क्लस्टर एथलेटिक प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
31 जुलाई से 4 अगस्त 2025 तक आयोजित सीबीएसई क्लस्टर एथलेटिक गेम प्रतियोगिता में ब्लॉसम एकेडमी के छात्र प्रेम कुमार राम ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) तथा 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। यह लगातार चौथा वर्ष है जब प्रेम कुमार ने इस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्रेम कुमार की इस उपलब्धि के आधार पर उनका चयन अब सीबीएसई नेशनल एथलेटिक गेम्स के लिए भी हो गया है, जो उनकी अथक मेहनत, लगन और समर्पण का प्रतीक है। विद्यालय में इस सफलता को लेकर हर्षोल्लास का माहौल है। ब्लॉसम एकेडमी के प्रबंधक कृष्णानंद राय ने छात्र को आशीर्वाद और प्रोत्साहन सम्मान देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रेम कुमार की उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत बताया।विद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने प्रेम कुमार को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और भविष्य में और ऊंचाइयों तक पहुंचने की शुभकामनाएं दीं।