गाजीपुर। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ से प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ितों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने आश्वस्त किया कि आपदा की इस घड़ी में सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
तहसील सदर – दीनापुर शरणालय में राहत वितरण
विकास खंड करंडा के अंतर्गत बाढ़ शरणालय दीनापुर में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, उप जिलाधिकारी सदर मनोज पाठक और तहसीलदार सदर की उपस्थिति में 2500 लंच पैकेट, 450 राहत किट, पशुपालकों के लिए भूसा, तथा बच्चों के लिए दूध और बिस्किट वितरित किए गए।
जमानियां तहसील – सब्बलपुर कलां में सेवा कार्य
तहसील जमानियां के सब्बलपुर कलां गांव में पूर्व विधायक जमानियां सुनीता सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय और भाजपा जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह द्वारा 580 राशन किट, लंच पैकेट एवं पशुपालकों के लिए भूसा वितरित किया गया।
सैदपुर तहसील – गौरी व गौरहट में राहत वितरण
तहसील सैदपुर के बाढ़ प्रभावित गांव गौरी और गौरहट में प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में 275 राशन किट, लंच पैकेट और पशुपालकों के लिए भूसा वितरित किया गया।
मोहम्मदाबाद तहसील – शेरपुर गांव में राहत
तहसील मोहम्मदाबाद के शेरपुर ग्राम सभा में भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय और तहसील प्रशासन की मौजूदगी में 250 राशन किट, लंच पैकेट और पशुपालकों के लिए भूसा वितरित किया गया।
सेवराई तहसील – वीरऊपुर में सहायता
सेवराई तहसील के वीरऊपुर गांव में प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में 490 राशन किट, लंच पैकेट और पशुपालकों के लिए भूसा वितरित किया गया। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का यह राहत कार्य बाढ़ पीड़ितों को न केवल भौतिक सहायता दे रहा है, बल्कि मानसिक रूप से भी उन्हें संबल प्रदान कर रहा है। सभी ने यह विश्वास दिलाया कि सरकार और स्थानीय प्रशासन हर स्तर पर उनके साथ खड़े हैं।