गाजीपुर। जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ से प्रभावित ग्रामों का निरीक्षण कर राहत कार्य तेजी से जारी है। प्रशासनिक टीमों ने प्रभावित लोगों को राहत सामग्री, लंच पैकेट, पशुओं के लिए भूसा एवं मेडिकल टीम द्वारा दवाओं का वितरण किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद में गंगा का जलस्तर घटाव पर है और शाम 5 बजे यह 63.800 मीटर दर्ज किया गया। जिले में कुल 166 राजस्व ग्राम बाढ़ से प्रभावित हैं, जिनमें 269 मजरे शामिल हैं। इनमें से 137 मजरे बाढ़ की चपेट में हैं, जबकि 49 राजस्व ग्रामों का सड़क संपर्क बाधित है। राहत कार्यों के अंतर्गत अब तक प्रभावित जनसंख्या को 46,400 लंच पैकेट, 5,870 राहत किट तथा पशुओं के लिए 786 क्विंटल भूसा वितरित किया गया है। बाढ़ प्रभावित तहसीलों में 131 बाढ़ चौकियां एवं 18 बाढ़ शरणालय सक्रिय हैं। इन शरणालयों में वर्तमान में 52 परिवारों के कुल 290 लोग ठहरे हुए हैं।