जमानियां। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अभईपुर पुलिस चौकी अंतर्गत देवढी मोड़ के समीप शुक्रवार को एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार रामसुधार यादव (45) एवं अंबिका राय (65), निवासी महली, गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुँचे। चौकी इंचार्ज अभिनव गुप्ता ने बताया कि दोनों घायलों का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, दोनों अपने गाँव की ओर लौट रहे थे और शराब के नशे में थे। रामसुधार बाइक चला रहे थे जबकि अंबिका राय पीछे बैठे थे। दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। मोड़ के समीप तेज रफ्तार में बाइक के नियंत्रण खोने से यह हादसा हुआ।