जमानियां। एस.एस. देव पब्लिक स्कूल, हेतिमपुर में 79वाँ स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित मनमोहक नाटक, गीत-संगीत तथा देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों में अगस्त क्रांति के नायक-नायिकाओं एवं महात्मा गांधी जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के चरित्रों को जीवंत रूप से दर्शाया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मनीष दुबे, Cadet of Assam Rifle, मणिपुर एवं भारतीय तीरंदाजी टीम के सदस्य रहे। वे D.G.A.R. के सदस्य भी हैं और अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड पुलिस गेम में प्रतिभाग कर चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें दृढ़ संकल्प और अनुशासन के मार्ग पर अग्रसर रहने का संदेश दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सुनीता कुशवाहा ने विद्यार्थियों को क्रांतिकारियों के नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने तथा संघर्षशील बने रहने की प्रेरणा दी और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। वहीं विद्यालय के प्रबंधक श्री सुभाषचन्द्र कुशवाहा ने राष्ट्रीय पर्व पर महान क्रांतिकारियों के जीवन मूल्यों को अपनाने एवं राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वाह करने का संदेश दिया। इस अवसर पर अतिथि मनीष दुबे का विद्यालय प्रबंधन द्वारा सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में मिठाई वितरण के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति का उल्लासपूर्ण माहौल व्याप्त रहा।