गाजीपुर। उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देशानुसार समिति के ज़ोनल सचिव संजय कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ जिला कारागार गाजीपुर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ज़ोनल सचिव ने जेलर शेषनाथ यादव का बुके देकर स्वागत किया। समिति की ओर से निरुद्ध बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं ज्ञानवर्धन हेतु धार्मिक और सामान्य ज्ञान की पुस्तकों का वितरण किया गया। इस अवसर पर श्री श्रीवास्तव ने अस्पताल, भोजन व्यवस्था तथा समग्र जेल प्रबंधन की समीक्षा की। जेलर शेषनाथ यादव ने जानकारी दी कि वर्तमान में जिला कारागार में 672 बंदी निरुद्ध हैं, जिनमें 40 महिलाएं एवं 05 बच्चे शामिल हैं। ज़ोनल सचिव ने बताया कि वर्ष 1938 में स्थापित यह संस्था जेल मैनुअल के अंतर्गत कार्यरत है और निरंतर बंदियों के सुधार, पुनर्वास, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है। जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह ने समिति की पूर्व गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में 15 अगस्त को समिति द्वारा बंदियों के बीच फल एवं मिष्ठान वितरण किया गया। इसके साथ ही, स्वास्थ्य सेवाओं हेतु मेडिकल कैंप का आयोजन कर दवा वितरण तथा शीतकाल में कंबल वितरण जैसे कार्यक्रम भी संपन्न कराए गए हैं। जेलर शेषनाथ यादव ने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों को बधाई दी। इस अवसर पर समिति के ज़ोनल सचिव संजय कुमार श्रीवास्तव, जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह, वसीम रज़ा, सुनील गुप्ता, सुजीत कुमार सिंह, कमलदेव राय, पवन मिश्रा, शेरशाह सहित जेल अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।