गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर जनपद में उर्वरक विक्रेताओं की जांच अभियान तेज कर दी गई है। उप कृषि निदेशक, गाजीपुर ने तहसील मुहम्मदाबाद और जिला कृषि अधिकारी ने सैदपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नेसर्स मिश्रा खाद भंडार, भावरकोल में स्टॉक बोर्ड और रेट बोर्ड न मिलने पर उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। इसी तरह मेसर्स अजय ट्रेडर्स, नंदगंज के स्टॉक में अंतर पाए जाने पर कार्रवाई की गई। वहीं, मेसर्स शिवशक्ति खाद भंडार, मटवां, बाराचवर; कुशवाहा ब्रदर्स, मुहम्मदाबाद; और हर्ष उर्वरक भंडार, कुढ़ा, सैदपुर के बिक्री रजिस्टर अद्यतन न होने पर इनके भी लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि जनपद में थोक एवं फुटकर उर्वरक विक्रेताओं के साथ सहकारी समितियों पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जिलाधिकारी ने कृषक भाइयों को अवगत कराया कि मऊ रैक प्वाइंट से जनपद गाजीपुर को सहकारिता क्षेत्र में 402 मीट्रिक टन और निजी क्षेत्र में 911 मीट्रिक टन उर्वरक की आपूर्ति हुई है। आगे भी सप्लाई प्लान के अनुसार आपूर्ति जारी रहेगी।जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे वैज्ञानिक सिफारिशों के अनुसार ही उर्वरकों का क्रय एवं प्रयोग करें।