गाजीपुर। राइफल क्लब में शनिवार को जिला विद्युत समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संयोजक एवं जनपद गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी और जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने संयुक्त रूप से की।बैठक में मुहम्मदाबाद विधायक सुहेब उर्फ मन्नु अंसारी, सदर विधायक जयकिशुन साहू, जमानियां एवं जखनियां के विधायकों के प्रतिनिधि तथा सैदपुर विधायक के प्रतिनिधियों समेत जनप्रतिनिधिगण और विद्युत विभाग के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अधीक्षण अभियन्ता इं. विवेक खन्ना ने सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को बुके भेंट कर आभार व्यक्त करते हुए की। उन्होंने जनपद में विद्युत संबंधी कार्यों का विधानसभावार विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।बैठक में सांसद अफजाल अंसारी, जिलाधिकारी, सदर विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विद्युत आपूर्ति को और सुचारु बनाने के लिए बहुमूल्य सुझाव दिए। अधीक्षण अभियन्ता ने आश्वासन दिया कि सभी अधिशासी अभियंताओं को दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा। साथ ही बैठक में अनुपस्थित स्टोर एवं वर्कशॉप के अधिशासी अभियंता को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक का समापन सांसद एवं समिति अध्यक्ष अफजाल अंसारी ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।