गाजीपुर। जनपद न्यायालय गाजीपुर सहित वाह्य न्यायालय सैदपुर, मुहम्मदाबाद, ग्राम न्यायालय जखनियां व जमानियां तथा अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों में आगामी 13 सितंबर 2025 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव पूर्णकालिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजीपुर विजय कुमार-प्ट ने जानकारी दी कि इस बार पूर्व की तुलना में अधिक वादों के निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, छोटे व लघु दाण्डिक वाद, पारिवारिक वाद, धारा-138 एन.आई. एक्ट, स्टाम्प/पंजीयन वाद, मोटर अधिनियम वाद, चकबंदी, श्रम वाद, उपभोक्ता फोरम वाद, वाट-माप अधिनियम, कराधान प्रकरण, बिजली चोरी वाद तथा सुलह-मध्यस्थता के माध्यम से वैवाहिक विवादों को प्राथमिकता से निस्तारित किया जाएगा।
इसी क्रम में शनिवार को जिला न्यायालय गाजीपुर के दसकक्षीय सभागार में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह की अध्यक्षता में एक आवश्यक बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, तहसीलदार महेन्द्र बहादुर, तहसीलदार सैदपुर हिमांशु सिंह, परिवहन विभाग से अरुण कुमार, स्वास्थ्य विभाग से प्रेमचंद चौहान, प्रभारी तहसीलदार कौशल चौरसिया, सब-रजिस्टार वीरेन्द्र भारती, नायब तहसीलदार जितेन्द्र कुमार, सब-रजिस्टार श्रीमती माधुरी गौतम, जिला सूचना विभाग से धनंजय कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आगामी लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण हेतु विभागवार कार्ययोजना पर विशेष रूप से चर्चा की गई।