गाजीपुर। राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2025-26 में युवाओं को राष्ट्रीय विकास एवं सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए विवेकानन्द यूथ अवार्ड (व्यक्तिगत श्रेणी) प्रदान करेगी।
इस पुरस्कार के लिए उन युवाओं (पुरुष/महिला) को चयनित किया जाएगा, जिन्होंने 01 अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2025 के बीच खेलकूद, सामाजिक वृक्षारोपण, परिवार कल्याण, अल्प बचत, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, पुस्तकालय एवं वाचनालय की स्थापना व संचालन, जैविक खेती, सौर ऊर्जा संयंत्र, स्वच्छता अभियान, राष्ट्रीय एकीकरण, साक्षरता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, स्वास्थ्य, अनुसंधान, कला, संस्कृति व साहित्य, मानव अधिकार, पर्यटन, पारम्परिक चिकित्सा, सक्रिय नागरिकता, सामुदायिक सेवा, शैक्षिक उत्कृष्टता एवं स्मार्ट लर्निंग जैसे क्षेत्रों में सराहनीय योगदान दिया हो।जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने जानकारी दी कि इच्छुक युवा आवेदन पत्र 15 सितम्बर 2025 तक जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, गाजीपुर के कार्यालय में जमा कर सकते हैं।