गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मा. मंत्री संजय निषाद ने आज जनपद गाजीपुर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
मा. मंत्री संजय निषाद सबसे पहले विकास खंड करंडा के ग्राम महबलपुर तथा तहसील जमानियां के अंतर्गत प्रभावित गांवों में पहुंचे। यहां उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों की समस्याएं सुनीं और उनके स्वास्थ्य व आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने विकास खंड जमानियां के ग्राम धुसका, पटकनियां व गढ़हा नं. 96 के लगभग 100 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को भोजन, पानी, लंच पैकेट, दवाइयां, तथा पशुओं के लिए चारा-भूसा उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि किसी भी जरूरतमंद परिवार को किसी प्रकार की कठिनाई न हो और सहायता समय पर एवं पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराई जाए।
जनपद भ्रमण के दौरान मंत्री जी ने ग्रामवासियों से राहत सामग्री एवं अन्य सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। इसके बाद लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने जीएसटी दरों में बदलाव, राजनीतिक मुद्दों और विपक्ष पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियां सदैव जनकल्याणकारी रही हैं, जिनमें गरीबों को ध्यान में रखते हुए कई वस्तुओं को टैक्स फ्री किया गया है और कई स्लैब घटाए गए हैं।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर रवीश गुप्ता, उप जिलाधिकारी जमानियां ज्योति चौरसिया, तहसीलदार सदर एवं जमानियां, नायब तहसीलदार तथा करंडा व जमानियां के खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।