गाजीपुर| राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय इलाहाबाद के निर्देशानुसार, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजीपुर के दिशा-निर्देशन में 13 सितम्बर 2025 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह विशेष लोक अदालत आर्बिट्रेशन के निष्पादन वादो (Arbitration Matters) के निस्तारण हेतु दीवानी न्यायालय गाजीपुर परिसर में आयोजित होगी।
सोमवार को जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने न्यायालय परिसर से विशेष लोक अदालत संबंधी जन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद के शहरी एवं ग्रामीण वासियों से अपील की कि वे अपने आर्बिट्रेशन निष्पादन वादों का निस्तारण 13 सितम्बर को विशेष लोक अदालत में आपसी सुलह-वार्ता के आधार पर कराएँ। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय विकास का है और अनावश्यक वाद-विवाद में समय नष्ट करने के बजाय विवादों का शीघ्र समाधान ही सबके हित में है।