जमानियां। कसेरा पोखरा गांव स्थित सनशाइन पब्लिक स्कूल ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर विशेष शिक्षा अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत विद्यालय ने निकटवर्ती वनवासी बस्ती के शिक्षा से वंचित बच्चों को शिक्षित करने की अनूठी पहल की।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, प्रबंधक अमित कुमार सिंह, प्रधानाचार्य शैलेन्द्र कुमार सिंह और प्राइमरी विंग प्रभारी पूजा सिंह ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद शिक्षकों ने बच्चों को राधाकृष्णन के जीवन, कृतित्व और व्यक्तित्व से अवगत कराया।पाठशाला कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को विभिन्न विषयों की शिक्षा दी गई। शिक्षक गोपीराम ने अक्षर ज्ञान और हिंदी वर्णमाला, इब्रत मैम ने अंग्रेजी वर्णमाला, ताजवर मैम ने राइम्स, अनिल सिंह और संदीप कुमार ने संख्याओं का ज्ञान, वहीं शगुफ्ता, आस्था और वृजेश सिंह ने विज्ञान की जानकारी दी। इंद्रजीत कुमार ने बच्चों को चित्रकारी और कला का प्रशिक्षण दिया। साथ ही खेलकूद, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विषयों पर भी बच्चों को जागरूक किया गया।कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को पुस्तकें और उपहार वितरित कर प्रोत्साहित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की पहल से वनवासी बस्ती के बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ेगी और समाज में जागरूकता का प्रसार होगा।