जमानियां (गाजीपुर)| स्थानीय विकास खंड के ग्राम पंचायत बडेसर स्थित दैत्रावीर बाबा मंदिर के पास मां गंगा के पावन तट पर शनिवार को वैकुण्ठ धाम का भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सिंह ने शिलान्यास कर कार्य का शुभारंभ किया।

विधायक ने कहा कि क्षेत्रीय जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वैकुण्ठ धाम का बेहतर निर्माण कराया जाएगा, ताकि लोगों को बिना किसी असुविधा के अपने मृत परिजनों का अंतिम संस्कार करने की सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि अब तक श्मशान घाट पर पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण लोगों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।उन्होंने कहा कि इस धाम में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे न सिर्फ स्थानीय लोगों बल्कि पड़ोसी जनपदों और बिहार प्रांत से आने वाले श्रद्धालुओं को भी किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि गंगा में कटाव और पोल हो जाने के कारण किसानों की जमीन बर्बाद हो रही थी। इसके समाधान के लिए चक्काबांध से कस्बा बाजार तक बोल्डर बाइडिंग कराई गई, जिससे किसानों को राहत मिली और साथ ही एनएच-24 का अस्तित्व भी सुरक्षित हुआ।
विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि इस स्थान के विकसित होने से सुविधाओं के साथ ही रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “क्षेत्र, गांव और गरीब का विकास करना तथा अन्याय और जुल्म के खिलाफ लड़ना ही असली समाजवाद है, जबकि वर्तमान सरकार केवल विकास के नाम पर छलावा कर रही है और जाति-धर्म के आधार पर लोगों को बांटने का काम कर रही है।” इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, विधानसभा अध्यक्ष अनिल यादव, प्रतिनिधि मन्नू सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा, वीडीओ वृजेश अस्थाना, प्रधान प्रतिनिधि अजय पासवान, जिला पंचायत सदस्य आकाश यादव, उपेन्द्र सिंह शिवजी, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रजनीकांत यादव, बबलू यादव, हरिवंश यादव, सरोज यादव, पृथ्वीराज सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।