जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के काशीराम आवास रेलवे स्टेशन निवासी ऊषा देवी ने अपने पड़ोसियों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, 6 सितंबर 2025 की शाम करीब 7:30 बजे मुरर्दा घाट चक्काबांध पर काम करने की बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान पड़ोसी भुटन डोम, पवन डोम, मीना देवी और भुटन डोम का दामाद तोपी ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूसा, मुक्का और लाठी-डंडे से उनकी पिटाई कर दी। महिला ने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति राजेश को भी विपक्षियों ने मारा-पीटा। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जमानिया प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने के बाद तीन नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।