जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम देवैथा निवासी एक महिला ने गांव के ही सात लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना जमानिया में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता सरिता देवी का आरोप है कि 8 सितंबर 2025 को गांव के ही राकेश, सुग्रीम, घुरहु, नितीस, अनीस, चिरकुट और संदीप ने जबरन पकड़कर देवैथा नहर पर लाठी से उसकी पिटाई की और भद्दी गालियां दीं। सरिता देवी ने बताया कि वह गरीब और असहाय है, जिसका विपक्षी बार-बार फायदा उठाते हुए उसके साथ मारपीट करते हैं और घर आने-जाने पर डराते-धमकाते हैं। आरोप है कि विपक्षियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर सातों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।