गाजीपुर। महिला कल्याण विभाग द्वारा संकल्पः हब इम्पावरमेन्ट ऑफ वूमेन योजना के अंतर्गत चल रहे 10 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के क्रम में आज राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महुआबाग गाजीपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान की शुरुआत 02 सितम्बर से हुई है, जो 12 सितम्बर तक चलेगा। जिलाधिकारी महोदय एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय था “इम्पावरिंग वूमेन थ्रू हायर एजुकेशन, वोकेशनल ट्रेनिंग एंड स्किल डेवलपमेंट इनिशिएटिव्स”। कार्यक्रम में कौशल विकास प्रशिक्षक स्वाति जी एवं कुंदन जी ने छात्राओं को फूड प्रोसेसिंग से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने बच्चियों को बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ व्यावसायिक कोर्स करके वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकती हैं, जिससे आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण दोनों संभव होगा। जिला मिशन कोऑर्डिनेटर नेहा राय एवं जेंडर स्पेशलिस्ट लक्ष्मी मौर्य ने महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों से संबंधित प्रमुख कानूनों की जानकारी दी, जिनमें शामिल हैं—
घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, 2005
कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 (POSH Act)
दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961
इसके अलावा, महिलाओं के शिक्षा का अधिकार, समान वेतन का अधिकार, संपत्ति का अधिकार और प्रजनन अधिकार पर भी चर्चा की गई।
साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, निराश्रित पेंशन योजना, वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली के बारे में भी छात्राओं को जागरूक किया गया। 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के साथ हो रही यौन हिंसा की रोकथाम और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। सरकारी हेल्पलाइन नंबर 1098, 181, 1090, 112 और 1076 के बारे में छात्राओं को अवगत कराया गया। दहेज प्रथा एवं बाल श्रम उन्मूलन के प्रति भी सभी को जागरूक किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य रागिनी श्रीवास्तव, कौशल विकास प्रशिक्षक कृष्ण कुमार तथा समस्त विद्यालय स्टाफ मौजूद रहे।