जमानिया। क्षेत्र के ग्राम पंचायत जबुरना के मजरा कसेरूआ में मंगलवार को उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक दिवसीय समाधान कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान तहसील स्तर के सभी अधिकारी मौजूद रहे और ग्रामवासियों की समस्याओं का समाधान करने के साथ ही उन्हें सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कैंप में शिक्षा विभाग, विकास विभाग, पूर्ति विभाग समेत तहसील प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों से आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए और शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया।स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 80 महिलाओं का बीपी जांच कर दवाओं का वितरण किया गया और 72 पशुओं का टीकाकरण किया गया। वहीं गांव में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कर सफाई व्यवस्था पर जोर दिया गया। इसके साथ ही 28 ग्रामीणों के नाम राशन कार्ड में जोड़ने व नए कार्ड बनाने हेतु फार्म संकलित किए गए। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों, विशेषकर बच्चियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इच्छुक छात्राओं का नामांकन कस्तूरबा विद्यालय में कराया जाएगा, जहां उन्हें निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी। कैंप में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार रामनरायण वर्मा, चिकित्सा अधिकारी डॉ गुलाब शंकर, पशु चिकित्साधिकारी डॉ सरवेश कुमार, पूर्ति निरीक्षक राज कुमार सहित तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।