गाजीपुर। महिला कल्याण विभाग, लखनऊ के निर्देश पर संकल्प : हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन योजना के अंतर्गत 2 से 12 सितम्बर तक 10 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को लूदर्स कॉन्वेंट इंटर कॉलेज, तुलसीसागर में महिला एवं किशोरी स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को एनीमिया के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार संबंधी जानकारी प्रदान करना था। जिला मिशन कोऑर्डिनेटर नेहा राय ने एनीमिया को “साइलेंट किलर” बताते हुए कहा कि यह रोग मुख्यतः आयरन की कमी से होता है और बच्चों, किशोरियों तथा गर्भवती महिलाओं में अधिक पाया जाता है। उन्होंने संतुलित आहार, हरी पत्तेदार सब्जियों, अंकुरित अनाज, गुड़, दाल एवं आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन पर बल दिया। साथ ही छात्राओं को आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां नियमित रूप से लेने और समय-समय पर हीमोग्लोबिन जांच कराने की सलाह दी। इसके अतिरिक्त छात्राओं को महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं और सरकार द्वारा संचालित टोल-फ्री नंबर 1090, 1098, 181, 112, 102, 108 की जानकारी दी गई। जेंडर स्पेशलिस्ट लक्ष्मी मौर्य ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष, बाल कल्याण समिति, दत्तक ग्रहण इकाई योजना, निराश्रित महिला पेंशन एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में कॉलेज की प्रधानाचार्या, स्टाफ और छात्राएं उपस्थित रहीं।