गाजीपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में गोआश्रय स्थलों से संबंधित जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गोआश्रय स्थलों पर संरक्षित गोवंशों के भरण-पोषण हेतु चारागाह की भूमि पर हरे चारे की बुवाई की समीक्षा की गई। समीक्षा में जनपद की प्रगति अत्यंत कम पाए जाने पर सीडीओ ने रोष व्यक्त किया और समस्त उपजिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर अभियान चलाकर चारागाह की भूमि पर नेपियर घास लगाई जाए। सीडीओ ने सभी उपजिलाधिकारियों को तहसील स्तरीय बैठक आयोजित कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि गोआश्रय स्थलों पर भूसा, हरा चारा एवं चोकर आदि की व्यवस्था मानक के अनुरूप की जाए। जिन स्थलों पर हरा चारा उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल साइलेज की व्यवस्था करने के आदेश दिए गए।
इसके अलावा, गोआश्रय स्थलों पर अद्यतन अभिलेख मानक के अनुरूप न पाए जाने पर सीडीओ ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गाजीपुर को निर्देशित किया कि वे सभी खंड विकास अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करें। साथ ही, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रतिदिन गोआश्रय स्थलों में गोवंशों को दिए जा रहे भूसा, हरे चारे एवं चोकर की फोटो/वीडियो मंगाकर अनुश्रवण करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, नोडल अधिकारी गोशाला राकेश कुमार गौतम सहित जनपद के सभी उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत, पशु चिकित्साधिकारी एवं जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।