गाजीपुर। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के समस्त सहायक विकास अधिकारी पंचायत मौजूद रहे।बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, लाभार्थियों की पात्रता का सत्यापन, रिट्रोफिटिंग, ओडीएफ प्लस वेरिफिकेशन तथा ग्राम पंचायत रसूलपुर टी शेखपुर, विकास खण्ड सदर में निर्मित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन केन्द्र पर चर्चा की गई। सीडीओ ने निर्देशित किया कि विकास खण्ड देवकली और करंडा की सभी ग्राम पंचायतों से एकत्रित प्लास्टिक उक्त केन्द्र पर भेजा जाए ताकि उसका निस्तारण किया जा सके।
इसके साथ ही पंचायत पंचम राज्य वित्त एवं 15वें वित्त आयोग अंतर्गत आवंटित क्रेडिट लिमिट के सापेक्ष खर्च और कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में आर.जे.एस.ए. अंत्येष्टि स्थल एवं सीएससी केंद्रों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। सीडीओ ने एडीपीओ को निर्देशित किया कि वे बैठक के एजेंडे के अनुसार अपने-अपने विकासखंड की शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी सामुदायिक शौचालय क्रियाशील किए जाएं और पंचायत सचिवालय प्रतिदिन खुले रहें ताकि जनता को सुविधा मिल सके। निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालयों के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा न करने की दशा में संबंधित सचिव और प्रधान पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।बैठक में ब्लॉक प्रमुख मरदह सीता सिंह, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।