जमानियाँ (गाजीपुर)। जीवित्पुत्रिका के पावन पर्व पर रविवार को नगर और ग्रामीण अंचल में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। माताओं ने निर्जला उपवास रखकर पुत्र की दीर्घायु और अखंड सुहाग की कामना की। सुबह से ही घरों, मंदिरों और गंगा तटों पर विशेष चहल-पहल रही।
बलुआ गंगा घाट, चक्काबांध गंगा घाट, बडेसर गंगा घाट सहित विभिन्न घाटों और नहर किनारे माताओं ने आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इस दौरान व्रत की कथा का श्रवण कर माताओं ने परिवार के सुख-शांति की कामना की।भीड़ अधिक होने से बरुइन मोड़ से चक्काबांध तक तथा विन्द मोड़ से ब्लॉक तिराहे तक वाहनों की रफ्तार घंटों तक सरकती रही। प्रशासन लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में जुटा रहा।