गाजीपुर। थाना नोनहरा क्षेत्र में बिजली का खम्भा लगाने को लेकर प्रधान पक्ष और पूर्व प्रधान पक्ष के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार 9 सितम्बर को इस विवाद के बाद एक पक्ष के 20-25 लोग थाने पर आकर बैठ गए। पुलिस प्रशासन ने उन्हें समझाने का प्रयास किया और स्पष्ट किया कि यह मामला दूसरे विभाग से संबंधित है।
पुलिस द्वारा संबंधित विभाग से सम्पर्क भी साधा गया, लेकिन थाने में बैठे लोग हटने को तैयार नहीं हुए। देर रात अचानक बिजली कटने पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल सभी को वहाँ से जाने के लिए कहा। स्थिति संभलने के बाद सभी लोग शांति से चले गए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई। इसी बीच 11 सितम्बर को सूचना मिली कि उक्त विवाद से जुड़े एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। आरोप लगाए गए कि उस व्यक्ति को उसी दिन चोट लगी थी, जिसके कारण उसकी मौत हुई। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक स्वयं सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।