जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन बाईपास स्थित काली माता मंदिर के पास गुरुवार दोपहर लगभग 2:30 बजे एक अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शव की तलाशी के दौरान मृतक के पास से आधार कार्ड बरामद हुआ। जिसके आधार पर मृतक की पहचान चन्द्रदीप शाह (72 वर्ष), निवासी करौदी, जिला कैमूर (बिहार) के रूप में हुई।प्राथमिक जांच में शव पर किसी भी प्रकार की चोट के निशान नहीं पाए गए। पुलिस का मानना है कि बुजुर्ग की मौत प्राकृतिक कारणों या बीमारी की वजह से हुई होगी। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने मृतक को पहले कभी इस क्षेत्र में नहीं देखा था। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।