गाजीपुर। महिला कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में संचालित “संकल्प – हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन” के अंतर्गत 10 दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम की श्रृंखला में आज राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सादात एवं प्राइमरी विद्यालय नवापुरा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को पोक्सो अधिनियम के अंतर्गत बाल सभा, बाल विवाह, बाल यौन शोषण की रोकथाम एवं बच्चों के अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि बाल सभाएँ बच्चों को ज्ञान व कौशल प्रदान करने के साथ-साथ समाज में बाल संरक्षण के प्रति सहभागी दृष्टिकोण को बढ़ावा देती हैं, जो बाल विवाह और बाल शोषण जैसी कुप्रथाओं को रोकने में सहायक है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महिला हेल्पलाइन नंबर 181, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, बाल कल्याण समिति की भूमिका एवं महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं जैसे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, महिलाओं के कार्यस्थल पर लैंगिक हिंसा निवारण अधिनियम तथा सामान्य एवं निराश्रित महिला पेंशन योजना के बारे में अवगत कराया गया।इस मौके पर विद्यालय की अध्यापिकाएँ, जिला मिशन कोऑर्डिनेटर नेहा राय एवं जेंडर स्पेशलिस्ट लक्ष्मी मौर्य उपस्थित रहीं।