जमानिया। प्रदेश में आए दिन अधिवक्ताओं पर हो रहे प्राणघातक हमलों को लेकर अधिवक्ता समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में बार एसोसिएशन जमानिया की एक आपात बैठक सोमवार को अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में हाल ही में वाराणसी में अधिवक्ता शिवप्रताप सिंह पर पुलिस द्वारा किए गए बर्बर लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की गई। अधिवक्ताओं ने इस घटना को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए शासन से त्वरित एवं ठोस कार्रवाई की मांग की। बैठक में पारित प्रमुख प्रस्तावों में शामिल रहा कि वाराणसी की घटना में दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल बर्खास्त कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही शासन स्पष्ट आदेश निर्गत करे कि भविष्य में प्रदेश में किसी भी अधिवक्ता पर पुलिस द्वारा इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
अधिवक्ताओं ने मांग की कि पूरे उत्तर प्रदेश में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए, न्यायालय व न्यायालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा अधिवक्ताओं को आत्मरक्षा हेतु शस्त्र लाइसेंस सुगमता से उपलब्ध कराए जाएं। बैठक में अधिवक्ता समाज ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शासन स्तर से शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो अधिवक्ता समुदाय आंदोलन के लिए बाध्य होगा।इस अवसर पर सचिव अमरनाथ राम, उपाध्यक्ष सुनील कुमार, कमलकांत राय, उदय नारायण सिंह, मेराज हसन, फैसल होदा, मुनेश सिंह, अरविंद कुमार, पंकज तिवारी, दिग्विजयनाथ तिवारी, मिथिलेश सिंह, शशि भूषण राय, रवि प्रकाश, सुनील कुमार, बृजेश ओझा, घनश्याम कुशवाहा, संजय यादव, रमेश यादव आज़ाद सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।