जमानियां (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, मारपीट तथा घर से निकालने का आरोप लगाते हुए स्थानीय कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बडेसर गांव निवासी सुमन कुमारी की शादी अप्रैल 2025 में रामपुर सलेमपुर निवासी सागर बिंद से हिंदू रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति द्वारा दो लाख रुपये दहेज की मांग की जा रही थी।तहरीर के अनुसार, 22 जुलाई 2025 को दोपहर लगभग 2 बजे कथित रूप से मारपीट कर महिला को घर से निकाल दिया गया। इसके बाद, सागर बिंद द्वारा दूसरी शादी किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। महिला ने ससुराल पक्ष से संपर्क किया, लेकिन आरोप है कि उसे घर में रखने से इनकार कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि विवाहिता की तहरीर के आधार पर आरोपी सागर बिंद के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।