जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की विकलांग महिला ने गांव के ही कुछ युवकों पर लगातार छेड़छाड़, हमला और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) गाजीपुर को प्रार्थना पत्र सौंपा। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह विकलांग और आर्थिक रूप से कमजोर हैं। उनके पति गाड़ी चलाते हैं और अक्सर घर से बाहर रहते हैं। घर पर उनकी बेटी ममता और दो बेटे रहते हैं। महिला के अनुसार, गांव के कुछ युवक उनकी बेटी के साथ अक्सर छेड़छाड़ करते हैं। उन्होंने बताया कि मार्च 2025 में उन्होंने इस संबंध में कोतवाली में लिखित शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपितों को बुलाकर चेतावनी दी थी। इसी रंजिश में 11 मार्च 2025 की शाम करीब 7 बजे आरोपित लाठी-डंडे लेकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। उन्होंने जान से मारने की धमकी दी और घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना की एफआईआर पहले ही दर्ज की जा चुकी है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
महिला का आरोप है कि उत्पीड़न की घटनाएं इसके बाद भी नहीं रुकीं। 4 जुलाई 2025 को एक बार फिर उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की गई। वहीं, 12 सितम्बर 2025 को आरोपितों ने उनके बेटे को गाड़ी से कुचलने की कोशिश की और रात करीब 10 बजे घर में घुसकर बेटी का हाथ पकड़कर खींचने लगे। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए फरार हो गए। पीड़िता ने कहा कि उन्होंने कई बार कोतवाली में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने केवल शांति भंग की कार्रवाई की, जिससे आरोपितों के हौसले बुलंद हो गए हैं। उन्होंने एसपी से शिकायत कर पूरे परिवार की सुरक्षा की मांग की है। कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर गांव के छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।