जमानियां (गाजीपुर)। पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को जमानियां तहसील परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तहसीलदार राम नारायण वर्मा और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा ने पौधारोपण कर की।इस अवसर पर वन विभाग के क्षेत्राधिकारी, विभागीय स्टाफ, अन्य प्रशासनिक कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने कहा कि वृक्ष न केवल हमारी संस्कृति का हिस्सा हैं, बल्कि ये जीवनदायी ऑक्सीजन के स्रोत भी हैं। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण के लिए वृक्षारोपण आवश्यक है। केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल और सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है।
वहीं, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं को कम करने और जलवायु संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “हर नागरिक को कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। यदि समय रहते हमने प्रकृति की रक्षा नहीं की, तो भविष्य में जल और वायु संकट गंभीर रूप ले सकते हैं।” उन्होंने आमजन से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक हों और ज्यादा से ज्यादा वृक्ष लगाकर उनकी नियमित देखभाल करें। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया और आने वाले समय में इसे जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। इस अवसर पर तहसील एवं वन विभाग के कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।