जमानियां (गाजीपुर)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आम जनता में विश्वास कायम रखने के उद्देश्य से बुधवार को कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ नगर में पैदल मार्च (फ्लैग मार्च) किया। इस दौरान कस्बा बाजार, एनएच-24, महिला पिंक बूथ समेत कई महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया गया।
कोतवाली पुलिस ने पैदल गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और अपराध की प्रवृत्ति वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि यह भ्रमण जनता को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल देने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा, “त्योहारों के समय कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में त्वरित सहायता के लिए पुलिस बल को अलर्ट रखा गया है।” प्रभारी निरीक्षक ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे संवेदनशील और सार्वजनिक स्थलों पर निरंतर निगरानी और गश्त बनाए रखें। उन्होंने यह भी बताया कि अपराध नियंत्रण और निगरानी के लिए संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों का रिकॉर्ड संकलन किया जा रहा है। पुलिस बल द्वारा यह पैदल मार्च न केवल अपराध पर लगाम लगाने का प्रयास है, बल्कि इसका उद्देश्य जनता में सुरक्षा की भावना को और सुदृढ़ करना भी है। फ्लैग मार्च में सुधीर, नीरज, अनुरागी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।