गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वावधान में नगर के मोहल्ला हरिशंकरी स्थित श्रीराम चबूतरा पर शुक्रवार की शाम रामलीला का चौथा दिन बड़े ही भव्य ढंग से मंचित किया गया। इस अवसर पर राजतिलक की तैयारी, मंथरा-कैकयी संवाद एवं कोपभवन लीला का प्रभावी मंचन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उप मंत्री लव कुमार त्रिवेदी, मेला प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, उप प्रबंधक मयंक तिवारी एवं कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल द्वारा श्रीराम, लक्ष्मण, सीता, भरत और शत्रुघ्न की आरती-पूजन से हुआ। इसके बाद आदर्श रामलीला मंडली के कलाकारों ने लीला का मंचन प्रस्तुत किया।
लीला में दर्शाया गया कि महाराज दशरथ अपने कुलगुरु वशिष्ठ से परामर्श कर श्रीराम को अयोध्या का राजतिलक सौंपने का निर्णय लेते हैं। गुरु वशिष्ठ इस निर्णय को उचित ठहराते हैं और महाराज को आशीर्वाद देते हैं। महाराज दशरथ अपने मंत्री सुमंत को नगर सजाने का आदेश देते हैं, जिसके बाद पूरे अयोध्या में उत्सव का माहौल बन जाता है। इसी दौरान नगर भ्रमण कर रही दासी मंथरा को राम के राजतिलक की तैयारी का समाचार मिलता है। वह तत्काल महारानी कैकयी के पास पहुंचकर उन्हें भड़काती है और परामर्श देती है कि वह कोपभवन में जाकर विरोध दर्ज कराएं। मंथरा के बहकावे में आकर कैकयी अपने गहने त्यागकर कोपभवन में चली जाती हैं। कार्यक्रम में मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उप मंत्री लव कुमार त्रिवेदी, प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, उप प्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, राम सिंह यादव, कुश कुमार त्रिवेदी, राजकुमार शर्मा, कृष्णांश त्रिवेदी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।