जमानियां (गाजीपुर)| कोतवाली क्षेत्र के नगर स्थित जुनेदपुर मोहल्ले में शुक्रवार सुबह पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुँच गई। इस घटना में एक महिला व उसके ससुर घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, गाँव की रहने वाली रेखा ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि 19 सितम्बर की सुबह लगभग 6:30 बजे उनके जेठ शशिकान्त, जेठानी मराछी तथा उनकी पुत्रियाँ पिकी और प्रीति ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें लाठी-डंडों व लात-मुक्कों से पीटकर घायल कर दिया।रेखा के अनुसार, जब शोर सुनकर उनके ससुर द्वारिका प्रसाद उन्हें बचाने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन्हें भी बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने जानकारी दी कि महिला की तहरीर के आधार पर चार लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।